Spread the love

रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर के निचार खंड काचरंग में मंगलवार रात बादल फटने से नाले में अचानक आई बाढ़ से लाखों की संपत्ति बह गई। हालांकि इससे किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, परंतु एक तरफ मुख्य आम रास्ता भी बाढ़ की चपेट में आ गया। दूसरी तरफ जल शक्ति विभाग को भी लाखों की चपत लगी है। मंगलवार रात को तीन बजे क्षेत्र में अचानक बादल फटा, जिससे नाले में बाढ़ आ गई। मलबे की चपेट में आने से जल शक्ति विभाग की पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और दो जगह इंटेक टैंक को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे क्षेत्र में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। इसे अतिरिक्त मलबे और तेज बहाव से भारी भरकम पत्थरों के आने से गांव व मिडल स्कूल को जाने वाला रास्ता भी पूरी तरह बाधित हो गया।

बाढ़ आने की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह तहसीलदार निचार नेगी व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची व स्थिति का जायजा लेकर विभागों को राहत कार्य के निर्देश दिए। तहसीलदार निचार नेगी ने बताया बादल फटने के बाद आई बाढ़ के कारण किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, परंतु इससे जल शक्ति विभाग की 100 मीटर तक पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो गई है इसके साथ ही एक मुख्य रास्ता भी भारी पत्थरों के आने से बंद हो गया है।

By admin

Leave a Reply