Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलिंडरों की खरीद पर लगाई गई सीमा हटा दी गई है। सरकार के इस फैसले से हजारों होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को बड़ी राहत मिली है। अब वे पहले की तरह बिना किसी अतिरिक्त अनुमति के अपनी आवश्यकता के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलिंडर खरीद सकेंगे। खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर सरकार ने व्यावसायिक सिलिंडरों की खरीद पर 50 प्रतिशत की सीमा तय की थी। इसके अलावा सिलिंडर लेने के लिए होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को आवेदन देना पड़ता था।

आवेदन के सत्यापन के बाद ही सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती थी, जिससे कारोबारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति सामान्य होने और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के बाद सरकार ने यह प्रतिबंध हटा दिया है। अब व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पहले की तरह सुचारु रूप से की जाएगी। वर्तमान में प्रदेश में पर्यटन सीजन चल रहा है। ऐसे में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की निर्बाध उपलब्धता से होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को राहत मिलेगी। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक चंबा करण ठाकुर ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की खरीद पर लगाई गई सीमा हटा दी गई है। अब उपभोक्ता पहले की तरह अपनी आवश्यकता के अनुसार व्यावसायिक सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे।

By admin

Leave a Reply