मंडी। सिया हत्याकांड में गिरफ्तार विकास पटियाल की माता सुनीता ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हैं। इस मामले में आरोपी के पुलिस पूछताछ में हुए खुलासे के बाद मां सुनीता ने कई सवाल उठाए हैं। कहा कि यदि उनका बेटा आरोपी है तो उसके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जाएं और दोष सिद्ध होने पर उसे फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस साक्ष्यों के बेटे को दबाव में लाकर कुछ भी कबूल करवाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
सुनीता के अनुसार वारदात वाले दिन वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से घास लेने चली गई थीं। उन्होंने इस बात को गलत बताया कि उस दिन विकास का मां से झगड़ा हुआ और वह घर से नाराज होकर निकला था। उनका कहना है कि घटना से पहले गांव की दो महिलाओं का विकास से सामना हुआ था, लेकिन वह उनके सामने से सिर झुकाकर निकल गया। अगर उसका इरादा किसी की हत्या का होता तो वह उस समय भी कुछ कर सकता था।