Spread the love

शिमला। पुलिस ने अनुशासन और सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवा नियमों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है। पुलिस के अनुसार, पहले मामले में एक सब-इंस्पेक्टर पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी एक पोस्ट साझा करने का आरोप है।

पुलिस सेवा आचरण नियमों के तहत किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को राजनीतिक दल का समर्थन करने, राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने या सोशल मीडिया के माध्यम से राजनीतिक विचारों का प्रचार करने की अनुमति नहीं होती। इसी आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।दो कांस्टेबल पर ड्यूटी के दौरान शराब पीने का आरोपदूसरे मामले में दो कांस्टेबलों पर ड्यूटी के दौरान शराब पीने और नशे की हालत में काम करने के आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों की ड्यूटी अक्सर आरोपियों को पुलिस थानों से अदालत ले जाने, अदालत में पेश करने और सुरक्षित रूप से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगाई जाती थी। ऐसे जिम्मेदारी वाले काम के दौरान नशे में होने की शिकायतों को विभाग ने गंभीरता से लिया।

जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। शिकायतों के सत्यापन और प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन शिमला से संबद्ध कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक उनकी तैनाती वहीं रहेगी।

एसएसपी बोले- नियमों के उल्लंघन पर नहीं होगी कोई रियायत
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों का विश्वास कायम रखने की है। इस कारण सेवा आचरण नियमों का पालन हर अधिकारी और कर्मचारी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता, सेवा नियमों के उल्लंघन या ड्यूटी में लापरवाही के मामलों में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। विभागीय जांच निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाएगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply