बिलासपुर। झंडूता उपमंडल के अंतर्गत गांव समलेटू में एक व्यक्ति के लापता होने का मामला हत्या में तबदील हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लापता मदन लाल की कथित तौर पर उसके बड़े भाई और भाभी ने हत्या कर शव को झील में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव की तलाश के लिए गोताखोरों की सहायता ली जा रही है। पुलिस के अनुसार रोशन लाल पुत्र निक्कू राम निवासी गांव समलेटू मतला झंडूता ने 13 सितंबर को थाना झंडूता में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका भाई मदन लाल 11 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत के आधार पर थाना झंडूता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गत 15 सितंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 11 सितंबर को मदन लाल का उसके बड़े भाई बिशन दास तथा भाभी रानो देवी के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि झगड़े के दौरान मदन लाल के सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए। तफ्तीश के दौरान बिशन दास और रानो देवी से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि मदन लाल की मृत्यु के बाद उसके शव को चांगरू नामक स्थान पर झील में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी बिशन दास और रानो देवी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।