शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 से 7 अगस्त के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए विभिन्न जिलों के लिए अलग-अलग दिनों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट रहेगा। वहीं 4 से 7 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। इसके अलावा 2 से 8 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अगस्त को अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में नहीं रुकने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी गई है।